स्नातक के पांचवें सेमेस्टर के समाज शास्त्र के प्रश्न पत्र को एक्स पर पोस्ट करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने लिपिक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में महुली क्षेत्र के देवकली कला स्थित डिग्री कॉलेज के लिपिक सुधांशु उर्फ अंकुर श्रीवास्तव की संलिप्तता पाई गई।
पुलिस ने बताया कि एक जनवरी को लिपिक सुधांशु उर्फ अंकुर श्रीवास्तव ने पर्चा चोरी कर बाहरी व्यक्ति अजय सिंह को दिया। अजय ने फोटो काॅपी कराकर शिशुपाल को 1000 रुपये में बेचा। शिशुपाल ने पेपर सदानन्द यादव को मोबाइल पर भेजा। सदानन्द के परिचित ने पहला पन्ना एक्स पर पोस्ट कर दिया। चार जनवरी को एचआर डिग्री कॉलेज के प्राचार्य ने केस दर्ज कराया और पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
चारों आरोपी भागने की फिराक में थे। पुलिस टीम ने खलीलाबाद के विधियानी चौराहे से सुधांशु उर्फ अंकुर निवासी ग्राम सतहरा, सदानन्द यादव निवासी ग्राम बड़ी सरौली, खलीलाबाद, अजय सिंह और शिशुपाल उर्फ सन्नी निवासी ग्राम जयराम पट्टी को पकड़कर कोर्ट में पेश किया, सभी जेल भेज दिया गया।