- अमर उजाला इम्पैक्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। शहर के मोहल्लों में नगर पालिका प्रशासन ने फाॅगिंग शुरू करा दी है। अमर उजाला में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेने के बाद नगर पालिका प्रशासन कदम उठाते हुए शहर के मुख्य मार्ग सहित मोहल्लों में भी फाॅगिंग शुरू कराई है। इससे शहरवासियों को मच्छरों से कुछ हद तक राहत मिलने की उम्मीद हैं।
अमर उजाला ने 25 नवंबर में अंक में अफसर भर से फाॅगिंग का दम, मच्छर नहीं हो रहे कम शीर्षक से समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसका संज्ञान लेते हुए नगर पालिका प्रशासन ने फाॅगिंग शुरू करा दी है। इसके तहत शहर के आजाद चौक से मेहदावल बाईपास, मुखलिसपुर तिराहा, गोलाबाजार, बैंक चौराहा, शुगर मिल सहित अन्य मार्गों पर फागिंग कराई। इसके साथ ही विभिन्न मोहल्लों में भी फाॅगिंग कराई गई। इससे मोहल्लों के लोगों को मच्छरों से राहत मिलने की उम्मीद है।
शहर के निवासी शिवम कुमार, चंदन आदि ने कहा कि मच्छरों का प्रकोप काफी बढ़ गया है। फाॅगिंग न होने से परेशानी बढ़ गई थी, लेकिन अब नगर पालिका प्रशासन ने फाॅगिंग शुरू कराई है तो उम्मीद है कि मच्छरों के डंक से राहत मिलेगी।
एसडीएम सदर व ईओ नगर पालिका शैलेश दूबे ने बताया कि कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि शहर में लगातार फाॅगिंग करते रहे। ताकि मच्छर पनपने न पाएं।