मेंहदावल। नगर पंचायत के वार्ड नंबर आठ ब्रह्मचारी वार्ड में महज 300 मीटर के दायरे में पांच स्पीड ब्रेकर बनाए जाने से आवागमन में परेशानी हो रही है। कम दूरी में इतने अधिक ब्रेकर होने से वाहन चालकों को बार-बार गति कम करनी पड़ती है। इसे लेकर वार्ड के लोगों में नाराजगी है। उन्होंने मनमाने तरीके से बनाए गए स्पीड ब्रेकर हटवाने की मांग की है।
स्पीड ब्रेकर बनाने का उद्देश्य दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और वाहनों की गति नियंत्रित करना है। इसके लिए निर्धारित मानकों का पालन और पर्याप्त चेतावनी संकेत लगाना जरूरी है। इसके बावजूद ब्रह्मचारी वार्ड में कम दूरी के भीतर पांच स्पीड ब्रेकर बनाए जाने से इनके निर्माण की प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं।
वार्ड निवासी एसके श्रीवास्तव, एके श्रीवास्तव, निजामुद्दीन, कमालुद्दीन, अब्दुल, शफीक, जुनैद, कुर्बान राइनी और अशफाक का कहना है कि इतनी कम दूरी में पांच स्पीड ब्रेकर बनाना उचित नहीं है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर अनावश्यक ब्रेकर हटवाने की मांग की है।
नगर पंचायत के अवर अभियंता ईश्वर सिंह ने बताया कि स्पीड ब्रेकर बनाने के लिए मोहल्ले के लोगों ने अनुमति नहीं ली है। मौके का निरीक्षण करने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
स्पीड ब्रेकर बनाने के लिए इन नियमों का पालन जरूरी
सक्षम अधिकारी से अनुमति लेना आवश्यक है।
भारतीय सड़क कांग्रेस (आईआरसी) के निर्धारित मानकों के अनुसार निर्माण होना चाहिए।
स्पीड ब्रेकर से पहले चेतावनी संकेत लगाना जरूरी है।
ब्रेकर पर काली-सफेद पट्टियां बनाना भी सुरक्षा के लिहाज से आवश्यक है।
नियमों के विरुद्ध बनाए गए स्पीड ब्रेकर हटाए जा सकते हैं।
कोट
स्पीड ब्रेकर अस्पताल, स्कूल और अंधे मोड़ों के आसपास दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए एहतियातन बनाए जाते हैं। इसके लिए नगर प्रशासन की अनुमति जरूरी है। यदि किसी ने मनमाने तरीके से स्पीड ब्रेकर बनवाए हैं तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-पंकज कुमार, ईओ, मेंहदावल