चंदा देने से मना करने पर दंपती समेत पांच को पीटा
बखिरा। क्षेत्र के खजुरी में स्थित एक शख्स के बागीचे में मिट्टी गिराने व दीवार जोड़ने के लिए चंदा मांगने गए लोगों का विरोध करने पर विवाद हो गया। चंदा नहीं मिलने पर नाराज लोगों ने घर में घुसकर पीड़ित परिवार के सदस्यों को पीटा।
इस मामले में पुलिस ने 17 लोगों पर बलवा, मारपीट के आरोप व एससी एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। खजुरी गांव निवासी अलगू का आरोप है कि 18 मई को गांव के ही सलाहुद्दीन समेत कई लोग उसके घर पर आए थे। उसके घर पर आकर कमालुद्दीन के बागीचे में मिट्टी गिराने व दीवार जोड़ने के लिए चंदा मांगने लगे। दूसरे की जमीन पर कब्जा व बवाल करने के लिए चंदा देने से मना कर दिया। आरोप है कि उसी से नाराज होकर लोगों ने जातिसूचक से शब्दों से अपमानित करते हुए मारने के लिए दौड़ाया तो वह भागकर घर में चले गए।
आरोप है कि आरोपितों ने घर में घुसकर उनको डंडे से पीटा। घर में मौजूद उसकी मां, पत्नी, बहन व बेटे को भी पीटकर घायल कर दिया। प्रभारी एसओ धर्मेंद्र सिंह ने बताया अलगू की तहरीर पर खजुरी निवासी सलाहुद्दीन, अलाउद्दीन, सजाउद्दीन, नुरूलहुदा, जलालुद्दीन, वसीउद्दीन, एकलाख, इरशाद, रामकिशुन, रामचंद्र, बाबूराम, शिवपूजन, सीताराम, भोला, रामदास, रमेश अजय सहित अन्य पर केस दर्ज किया गया है।