किसान की हत्या में आरोपित सगे भाई समेत पांच गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लाठी व डंडा बरामद किया
संतकबीरनगर। बखिरा क्षेत्र के बंजरिया निवासी वृद्ध किसान की हत्या के मामले में आरोपित दो सगे भाई समेत पांचों लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को पकड़े गए आरोपितों को पुलिस ने जेल भेज दिया।
एसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि रविवार शाम बंजरिया निवासी 60 वर्षीय रंगीलाल भैंसमथान गांव के पश्चिम बाजार गए थे। वहां से लौट रहे थे। गेहूं के खेत में दुधारा क्षेत्र के गांव परसा झकरियां का किशोर भैंस चरा रहा था। उसी बात पर किसान रंगीलाल नेकिशोर को डांट डपटकर एक दो थप्पड़ मार दिया। किशोर ने घर पहुंच कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। उसी से नाराज होकर किशोर के पिता जनार्दन पाल व चाचा जोगेंद्र पाल के अलावा दुर्गेश पाल, ज्ञानचंद्र निषाद और महनी गांव के अभय गौड़ गोलबंद होकर लाठी, डंडे के साथ पहुंच गए। वह लोग किसान को मारने-पीटने के लिए दौड़ा लिया। किसान बचाव में भागा, लेकिन लोग उसे कुछ दूरी तक दौड़ा कर पकड़ लिया और लाठी,डंडे से पीट कर मार डाला।
पुलिस ने किसान को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पीड़ित पत्नी की तहरीर पर पांच आरोपितों के खिलाफ पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया। सोमवार भोर में पुलिस ने पांचों आरोपितों को उनके गांव के पास से गिरफ्तार किया। आरोपितों को पकड़ने वाली पुलिस टीम में एसओ अनिल कुमार,एसआई संदीप कुमार राय, कांस्टेबल भूपेंद्र दूबे, कांस्टेबल आदित्य सिंह, कांस्टेबल बृजेश कुमार, वाहन चालक हेड कांस्टेबल अर्जुन प्रसाद शामिल रहे। एसपी ने पुलिस टीम को दस हजार रुपये इनाम दिए जाने की घोषणा की।