मेंहदावल क्षेत्र में कई स्थानों पर लगी आग
-आग की सूचना पर परेशान रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। क्षेत्र में रविवार को कई स्थानों पर आग लगने की घटनाएं हुईं। इसमें कहीं गेहूं की डंठल जली तो कहीं फसल जल गई। आग की घटनाओं को लेकर पुलिस प्रशासन भी परेशान रहा।
मेंहदावल थाना क्षेत्र के बीमापार बौरव्यास मार्ग पर कई गांवों में आग लगने की घटना हुई। इससे गेहूं के डंठलों में आग की लपटें काफी दूर तक तेज हवां के कारण फैलती नजर आईं। जिससे लोगों में गांवों में आग फैलने का डर बना रहा। ऐसे में आग पर काबू पाने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे रहे। इमलीडीहा, प्रतापपुर, भिटिया, समोगर, कुडवा, नटवा आदि गांव के सीवान में आग की लपटों व उठता धुआं से लोग परेशान रहे। वहीं नौलखा चौकी क्षेत्र के डुमरियाबाबू, कोमरे, पंडितपुरवा, तिवारीपुर आदि क्षेत्र में आग लगने की घटना हुई। जिसमें कोमरे में खेत में डुमरियाबाबू निवासी गुरुचरन यादव का रखा करीब सौ बोझा गेहूं जल गया, वहीं डुमरियाबाबू निवासी सोहनलाल व गब्बर का भूसा जल गया। सूचना पर पहुंची चौकी पुलिस व ग्रामीण आग पर काबू पाने के लिए प्रयासरत दिखे। नुकसान की सूचना ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन को दी है।
अज्ञात कारणों से लगी आग, केले की फसल जली
धनघटा। क्षेत्र के कटेया गांव के सीवान में रविवार दोपहर अज्ञात कारणों से आग लग गई। जिससे किसान की करीब एक एकड़ केला की फसल जलकर नष्ट हो गई। प्रगतिशील किसान अनिल कुमार चौधरी का कहना है कि वह करीब एक एकड़ में केला की फसल लगाए थे। फसल अच्छी थी। रविवार दोपहर अज्ञात कारणों से गांव के सीवान में आग लग गई। गांव के लोग आग पर जब तक काबू पाते, आग से केला की फसल चपेट में आ चुकी थी। इससे केला की फसल पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। अनिल कुमार का कहना है कि आग लगने से करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
आगलगी की घटना से दिनभर परेशान रहे ग्रामीण
संवाद न्यूज एजेंसी
नंदौर। क्षेत्र पंचायत बेलहर कला के अंतर्गत रविवार सुबह से दासडीह व पिठिया में आग लगने की घटना हुई। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया जा सका।
रविवार सुबह से पछुआ हवा के बीच दासडीह गांव के पश्चिम में गेहूं के डंठलों में आग लग गई। जब तक ग्रामीणों के जुटते आग ने विकराल रूप धारण कर दिया। आग गांव की ओर बढ़ने लगी तो लोग दहशत में आ गए। इस बीच पवन पाठक, किशोरे के घर के पास रखा खर-पतवार जलने लगा। ग्रामीणों ने पंप सेट की मदद से दासडीह गांव के पास लगी आग बुझा दी। इस बीच आग पिठिया गांव की तरफ मुड़ गई तथा भिउरा, पिंठिया के पूरे सीवान को आगोश में ले लिया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना एसडीएम मेंहदावल को फोन पर दी। इसी बीच लौकी मिश्र में आग लगने की जानकारी मिली। लोगों ने बताया कि फायर ब्रिगेड की गाड़ी लौकी मिश्र में आग बुझाने में जुटी रही। हालांकि आग पर काबू पा लिया गया है। इसी तरह से सेमरियावां ब्लॉक के धर्मपुरा गांव में एक छप्पर में आग लग गई, ग्रामीणों के अथक प्रयास से आग पर काबू पाया गया। सूचना पर सदर विधायक अंकुर राज तिवारी मौके पर पहुंच गए और पीड़ित को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।