नकल सामग्री मिलने पर दर्ज होगी एफआईआर
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। शिक्षक पात्रता परीक्षा में दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने या नकल सामग्री का प्रयोग करते पाए जाने पर परीक्षार्थी के खिलाफ केंद्र व्यवास्थापक एफआईआर दर्ज कराएंगे। यह निर्देश डीएम भूपेंद्र एस चौधरी ने कलेक्ट्रेट सभागार में परीक्षा की तैयारी बैठक में दिए।
उन्होंने बताया कि शिक्षक पात्रता परीक्षा 18 नवंबर को दो पॉलियों में होगी। स्टेटिक मजिस्ट्रेट अपनी देख-रेख में नकलविहीन परीक्षाकराएंगे। डीएम ने निर्देश दिए हैं कि बुकलेट खोलने में पूरी सावधानी बरतें। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाए। निर्धारित समय पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, दो कक्ष निरीक्षक एवं पर्यवेक्षक की उपस्थित में प्रश्न पत्र के पैकेट खुले जाएंगे। स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पूर्व प्रश्न पत्र के पैकेट लेकर परीक्षा केंद्र पर पहुंचेंगे। परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थी, कक्ष निरीक्षक, कर्मचारी मोबाइल लेकर प्रवेश नहीं करेंगे। केंद्र व्यवस्थापक मोबाइल, परीक्षार्थी का सामान जमा कराने की व्यवस्था करेंगे। डीआईओएस ने बताया कि परीक्षा के लिए कंट्रोल रूम नंबर 9648036091 या जिला विद्यालय निरीक्षक के मोबाइल नंबर 9454457352 पर परीक्षा संबंधी जानकारी ली जा सकेगी। डीएम ने बताया कि परीक्षा शुरू होने के 45 मिनट पूर्व परीक्षार्थियों के लिए केंद्र का गेट खोला जाएगा। परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था नोटिस बोर्ड पर चस्पा रहेगी। पहली पॉली 10 से 12:30 बजे तक व दूसरी पॉली में तीन से 5:30 बजे तक परीक्षा होगी। केंद्र व्यवस्थापक दूसरी पॉली में प्रकाश के लिए जनरेटर की व्यवस्था करेंगे। केंद्र व्यवस्थापक ही वीडियोग्राफी की व्यवस्था कराएंगे। डीएम ने निर्देश दिए कि सभी स्टेटिक मजिस्ट्रेट 17 नवंबर को अपने केंद्र पर जाकर सभी व्यवस्था सुनिश्चित कराते हुए रिपोर्ट देंगे।