संतकबीरनगर। ट्रक चोरी के मामले में कार्रवाई न होने से परेशान एक ट्रक मालिक ने तीसरी बार कोतवाली पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराने और वाहन बरामद करने की मांग की है। तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर ट्रक की तलाश में जुट गई है।
बरी गांव निवासी त्रियुगी नारायण त्रिपाठी ने कोतवाली पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में जानकारी दिया कि उनका ट्रक 24 जुलाई की रात करीब आठ बजे (14 चक्का) माल गोदाम परिसर में खड़ा था। अगले दिन सुबह पहुंचने पर ट्रक वहां से गायब मिला। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 और जीआरपी को दी गई। पीड़ित का कहना है कि जीआरपी ने घटना स्थल को खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र बताते हुए स्थानीय थाने में एफआईआर दर्ज कराने की सलाह दी। इसके बाद उन्होंने 25 जुलाई को कोतवाली में लिखित तहरीर दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बाद में कोतवाली पुलिस ने मामला जीआरपी का बताते हुए उन्हें रेलवे पुलिस के पास भेज दिया। पीड़ित के अनुसार जब उन्होंने जीआरपी थाना बस्ती में प्रार्थना पत्र दिया तो वहां से भी यह कहकर वापस कर दिया गया कि मामला उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता है। इसके बाद उन्होंने 28 जुलाई को दोबारा कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाल जय प्रकाश दूबे ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मामले में प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।