संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर मगहर पुलिस चौकी के पास 23 मई को हुए सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई थी। पिता ने कोतवाली खलीलाबाद में तहरीर देकर आरोपी बाइक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
कोतवाली क्षेत्र के बेलवनियां निवासी सदानंद पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र रविंद्र कुमार (29) 23 मई को बाइक से मगहर गया था। रात करीब आठ बजे लौटते समय वह मगहर पुलिस चौकी के पास सड़क किनारे बाइक रोककर मोबाइल पर बात कर रहा था। आरोप है कि इसी बीच पीछे से आ रही बाइक ने रविंद्र की बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में रविंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस 108 से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। परिजनों को सूचना मिलने के बाद वे अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने रविंद्र को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर मगहर चौकी पहुंचे और घटना की सूचना दी।
पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई। कोतवाल जयप्रकाश दूबे ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर आरोपी बाइक चालक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।