संतकबीरनगर। महुली थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई थी। घटना के लगभग 18 दिन बाद मृतक के पिता ने थाने में तहरीर देकर अज्ञात कार चालक के खिलाफ प्राथमिक दर्ज कराई है।
कटका गांव निवासी प्रवीण ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पुत्र शनि (20) 11 मई की शाम करीब 4:30 बजे बाइक से हरिहरपुर कस्बे जा रहा था। आरोप है कि डुमरी गांव के पास विश्वनाथ-महुली मार्ग पर सामने से आ रही कार के चालक ने गलत दिशा में आकर उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में शनि गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रवीण ने बताया कि पुत्र के अंतिम संस्कार, क्रिया-कर्म और अन्य पारिवारिक कार्यों में व्यस्त रहने के कारण वह तत्काल तहरीर नहीं दे सके। एसओ महुली दुर्गेश कुमार पांडे ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।