संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। एवोक इंडिया द्वारा बीएसई इन्वेस्टर्स प्रोटेक्शन फंड के सहयोग से शनिवार को डायट में माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों के लिए वित्तीय साक्षरता एवं निवेशक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को वित्तीय नियोजन, सुरक्षित निवेश, पूंजी बाजार की बुनियादी जानकारी तथा निवेशकों के अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में प्रशिक्षक के रूप में प्रदीप पांडेय ने शिक्षकों को वित्तीय साक्षरता के महत्व, सुरक्षित निवेश विकल्पों, निवेश से जुड़े जोखिमों तथा निवेशक संरक्षण तंत्र के विषय में सरल एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को वित्तीय योजना, निवेश संबंधी सावधानियां, धोखाधड़ी से बचाव तथा निवेशकों के अधिकारों पर विस्तृत जानकारी दी गई। सत्र को संवादात्मक रखा गया, जिसमें शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता की और अपने प्रश्नों के माध्यम से विषय को बेहतर ढंग से समझा।