- जिले के तीनों तहसीलों में आयोजित हुआ संपूर्ण समाधान दिवस
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जनपद के तीनों तहसीलों पर शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 88 मामले आए और उसमें से 18 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि 11 मामलों में टीम भेजकर उसकी रिपोर्ट मांगी गई।
धनघटा तहसील में डीएम आलोक कुमार और एसपी संदीप कुमार मीना ने फरियाद सुनी। यहां पर कुल 28 मामले आए और आठ का मौके पर निस्तारण किया गया। इसके साथ ही दो मामलों में टीम भेजी गई। अन्य मामले संबंधित विभाग को सौंप दिया गया। डीएम आलोक कुमार ने कहा कि फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही संपूर्ण समाधान दिवस का मुख्य लक्ष्य है। इसमें किसी भी प्रकार लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी व कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान सीएमओ डॉ. रामानुज कनौजिया, उप जिलाधिकारी धनघटा डाॅ. सुनील कुमार, परियोजना निदेशक विजयंत सिंह, सीओ अभय मिश्रा आदि मौजूद रहे। मेंहदावल तहसील में एडीएम जय प्रकाश और एएसपी सुशील कुमार सिंह ने समस्याओं को सुना। यहां 24 प्रार्थनापत्र आए, जिसमें से चार का मौके पर निस्तारण किया गया। जबकि चार मामलों में टीम भेजी गई।
इस दौरान उप जिलाधिकारी मेंहदावल संजीव राय, तहसीलदार अल्पिका वर्मा, सीओ सर्व दमन सिंह आदि मौजूद रहे। खलीलाबाद तहसील में डीडीओ प्रेम प्रकाश त्रिपाठी ने समस्याओं को सुना। यहां पर भूमि विवाद, जमीन की पैमाईश, अतिक्रमण, वरासत एवं खतौनी आदि मामले आए। यहां कुल 36 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें से मौके पर छह प्रार्थना पत्रों का निस्तारण कराया। पांच मामले के निस्तारण में टीम भेजी गई। इस अवसर पर राजस्व निरीक्षक सहित तहसील के राजस्व कर्मचारी, लेखपाल आदि मौजूद रहे।