- बखिरा क्षेत्र के पकड़िया गांव का मामला, केस दर्ज
बखिरा। क्षेत्र के पकड़िया में नौ दिवसीय डीह पूजा के बाद हुए भंडारा कार्यक्रम के दौरान किसी बात को लेकर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर ईंट फेंकना शुरू कर दिया। सूचना पर एसओ बखिरा के साथ पुलिसकर्मियों के पहुंचने पर विवाद को नियंत्रित किया जा सका। हालांकि इस घटना में पीड़ित पक्ष से तीन लोगों को चोटे आई हैं। पुलिस ने इस मामले में मेडिकल कराते हुए पीड़ित पक्ष की शिकायत पर तीन के खिलाफ केस दर्ज किया है।
गांव निवासी रामपूजन निषाद ने बताया कि रोजगार के सिलसिले में वह दिल्ली रहता है। कई दशक से गांव में डीह की पूजा नहीं हुई थी। इसी सिलसिले में गांव के लोगों ने एक राय होकर डीह की पूजा का कार्यक्रम 18 से 27 अप्रैल तक किया। पूजा के बाद 27 अप्रैल को ही रात में भंडारा भी किया गया। भंडारा कार्यक्रम संपन्न होने के बाद देर रात करीब 10 बजे गांव के ही एक व्यक्ति ने कार्यक्रम को लेकर निषाद समाज के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग कर दिया। इससे नाराज हुए निषाद समाज के कुछ लोगो को लेकर वह आरोपी व्यक्ति के घर पर उलाहना देने गया था।
इससे नाराज विरोधी पक्ष की महिलाओं ने ईंट फेंकना शुरू कर दिया। पुरुषों ने लाठी-डंडे लेकर उलाहना देने गए लोगों पर हमला बोल दिया। इस हमले में गणेश, सचिन व रामपूजन भी चोट आई है। सूचना मिलने पर एसओ बखिरा, चौकी इंचार्ज धर्मेन्द्र यादव पुलिसकर्मियों के साथ पकड़िया पहुंचकर दोनो पक्षों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया। सूचना पर पहुंचे एम्बुलेंस से इलाज के लिए घायलों को पुलिस ने भेजा।
रामपूजन की शिकायत पर पुलिस ने पकड़िया निवासी रोहित चौधरी, राधेश्याम व घनश्याम के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है।