संवाद न्यूज एजेंसी
लोहरैया। रबी की बुवाई का समय नजदीक आते ही किसान खेती-किसानी की तैयारियों में जुट गए हैं। इसी बीच क्षेत्र की साधन सहकारी समितियों पर खाद की उपलब्धता होने से किसानों को राहत मिली है।
साधन सहकारी समिति खाजों पर खाद वितरण शुरू होने की सूचना मिलते ही शुक्रवार को बड़ी संख्या में किसान आधार कार्ड लेकर साधन सहकारी समिति पर पहुंच गए। खाद लेने के लिए किसानों की भीड़ जुटने से समिति परिसर में काफी चहल-पहल देखने को मिली।
तामा गांव निवासी किसान सुनील राय, तुर्कवलिया निवासी अरविंद यादव, बसवारी गांव निवासी अनिल सहित क्षेत्र के कई दर्जन किसान अपना आधार कार्ड जमा करके अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। जिन किसानों को खाद मिल गई वे राहत महसूस कर रहे थे।
रबी की फसलों की बुवाई को देखते हुए किसान समय से खाद की व्यवस्था करने में लगे हैं। गेहूं सहित अन्य रबी फसलों की बेहतर पैदावार के लिए किसान खेतों की तैयारी के साथ ही खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करना चाहते हैं।
ऐसे में साधन सहकारी समितियों पर खाद पहुंचने और वितरण शुरू होने की जानकारी मिलते ही किसान समितियों की ओर रुख करने लगे हैं। क्षेत्र की साधन सहकारी समिति भैंसाखूंट (जिगिना), औराडाड़ सहित सभी समितियों पर खाद उपलब्ध हो गया है। सचिव विकास गुप्ता ने बताया कि साधन सहकारी समिति जिगिना और रजनौली में जल्द ही खाद वितरण किया जाएगा।