- देर शाम तक स्ट्रांग रूम में जमा कराई गई ईवीएम
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले में शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 52.64 फीसदी मतदान हुआ। 11 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया। इसमें सबसे अधिक आल्हापुर तो सबसे कम खजनी विधानसभा में मतदान हुआ। मतदान के बाद देर शाम तक स्ट्रांग रूप में ईवीएम जमा कराई गई।
लोकसभा चुनाव के छठे चरण में शनिवार को सुबह सात बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई, जो शाम छह बजे तक चली। 42 डिग्री सेल्सियस तापमान के बावजूद मतदाता वोट करने के लिए घरों से बाहर निकले। सुबह के समय मतदान शुरू हुआ, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही मतदान में गिरावट आई। दोपहर 1 बजे के बाद मतदान की गति धीमी पड़ गई, लेकिन इसके बाद फिर बूथों पर कतार देखने को मिली।
प्रशासन के मुताबिक कुल 52 फीसदी मतदान हुआ है। जिसमें सबसे अधिक आंबेडकरनगर के आल्हापुर विधानसभा क्षेत्र के 58.60 फीसदी और सबसे कम गोरखपुर के खजनी विधानसभा क्षेत्र में 48.14 फीसदी मतदान हुआ। साथ ही खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र में 52.09 प्रतिशत, मेंहदावल विधानसभा क्षेत्र के 51.52 प्रतिशत और धनघटा सुरक्षित विधान सभा क्षेत्र में 53.72 फीसदी मतदान हुआ। मतदान के दौरान त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई थी।
इन प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में बंद
पार्टी प्रत्याशी
बसपा नदीम अशरफ
भाजपा प्रवीन कुमार निषाद
सपा लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद
सरदार पटेल सिद्धान्त पार्टी कुलदीप
प्रगतिशील समाज पार्टी धीरज श्रीवास्तव
सर्वजन आवाज पार्टी राजेंद्र यादव उर्फ कर्नल साहब
नकी भारतीय एकता पार्टी सुभाष चंद्र दूबे
निर्दलीय आनंद कुमार गौतम
निर्दलीय मित्रसेन
निर्दलीय राम कृष्ण द्विवेदी
निर्दलीय सत्यवंत प्रताप सिंह
देर रात तक स्ट्रांग रूम में जमा होती रहीं ईवीएम
संतकबीरनगर। मतदान समाप्त होने के बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच एचआरपीजी कॉलेज में बने स्ट्रांग रूप में ईवीएम जमा कराने का सिलसिला शुरू हुआ जो देर रात तक चलता रहा। इस दौरान मतदान कार्मिक ईवीएम जमा कराने के लिए स्टाल पर लगे रहे। बारी-बारी से विधानसभावार ईवीएम को जमा कराया गया। मतदान के दौरान प्रेक्षकों के साथ ही डीएम महेंद्र सिंह तंवर, एसपी सत्यजीत गुप्ता, एडीएम जय प्रकाश, सीडीओ संत प्रसाद सहित जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट भ्रमण कर जायजा लेते रहे।