संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के सियरासाथा गांव में शनिवार को मोटर का तार जोड़ते समय करंट की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। आसपास के लोगों के मुताबिक व्यक्ति खेत में मोटर चलाने के लिए बिजली का तार लगा रहा था और करंट की चपेट में आ गया।
जानकारी के अनुसार सियरासाथा गांव निवासी सूर्यपाल (50) पुत्र उमाकांत शनिवार दोपहर करीब 12:00 बजे अपने खेत पर लगे मोटर का तार जोड़ रहे थे। इसी दौरान वह उन्हें जोरदार करंट लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर उन्हें बचाने का प्रयास किया और घटना की सूचना परिजन को दी।
परिजन सूर्यपाल को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार सूर्यपाल खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने विद्युत निगम से सुरक्षा मानकों को लेकर सतर्कता बरतने की मांग की है।
कोतवाल जय प्रकाश दूबे ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।