हादसे में वृद्ध किसान की मौत
अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गई जान
बगैर पुलिस को सूचना दिए ही परिजनों ने कर दिया अंतिम संस्कार
घटना से पीड़ित परिजन गमगीन
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। रामजानकी मार्ग पर स्थित बकौली कला गांव निवासी वृद्ध किसान की बुधवार देर शाम घर के सामने हुए हादसे में मौत हो गई। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी और रात में ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। घटना से पीड़ित परिजन गमगीन थे।
बकौली कला गांव निवासी 62 वर्षीय किसान रामअचल मौर्य का मकान रामजानकी मार्ग के बगल में स्थित है। बुधवार की रात करीब आठ बजे रामअचल सड़क से होकर अपने घर की तरफ जा रहे थे। उसी समय धनघटा की तरफ से तेज गति से गुजरे अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में राम अचल घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोग जुट गए। परिजन उन्हें लेकर सीएचसी मलौली पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजनों ने बताया कि सीएचसी मलौली से घायल को लेकर खलीलाबाद में स्थित एक प्राइवेट अस्पताल गए, जहां थोड़ी ही देर के बाद उनकी स्थिति बिगड़ने लगी तो गोरखपुर ले गए। गोरखपुर प्राइवेट अस्पताल में पहुंचने के पहले ही उनकी मौत हो गई। रामअचल के पुत्र अंबिका मौर्य ने बताया कि इस घटना की न तो पुलिस को सूचना दी गई और न ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया। रात में ही शव का दाह संस्कार कर दिया गया। घटना से पीड़ित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।