ग्राम सचिवालयों में नदारद हैं सुविधाएं
- तीन ग्राम पंचायतों मेें नहीं हो सकी है नियुक्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। विकास खंड सेमरियावां के ग्राम पंचायतों में स्थापित ग्राम सचिवालय में तैनात पंचायत सहायकों को दिसंबर 2021 का मानदेय दे दिया गया है लेकिन ग्राम सचिवालय में सुविधा नदारद हैं।
ब्लॉक में 113 ग्राम पंचायते हैं। 110 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक की नियुक्ति की गई है। जिन्हें दिसंबर का मानदेय भी दे दिया गया है। तीन ग्राम पंचायतों में अभी पंचायत सहायक की नियुक्ति नहीं हो सकी है। ब्लॉक में अधिकांश गांवों में ग्राम सचिवालय निर्माणाधीन है।
15 से 20 ग्राम सचिवालय ही पूरी तरह सुसज्जित है। इन्हीं ग्राम सचिवालय में बिजली, इंटरनेट, वाई-फाई, कंप्यूटर उपकरण, प्रिंटर आदि की व्यवस्था है। इन्हीं ग्राम पंचायत के ग्राम पंचायत सहायक ग्राम सचिवालय में बैठकर कामकाज कर रहे हैं। जिन गांवों में ग्राम सचिवालय निर्माणाधीन हैं, वहां अलग जगह कमरा लेकर कामकाज किया जा रहा है। एडीओ पंचायत मैनुद्दीन सिद्दीकी ने बताया कि ग्राम सचिवालय निर्माण कार्य तेजी से हो रहा है। ब्लॉक क्षेत्र के 113 ग्राम पंचायत के सापेक्ष 110 ग्राम पंचायत में पंचायत सहायक की नियुक्ति की गई है। ग्राम पंचायत थवईपार, पुरवां, दरियाबाद में पंचायत सहायक की तैनाती नहीं हो सकी है। दरियाबाद में ग्राम प्रधान अब्दुल फत्तह के बाहर रहने की वजह से पंचायत सहायक की तैनाती नहीं हो सकी है। थवईपार में चयन पंचायत सहायक के इस्तीफे की वजह मामला रुका हुआ है। फिर से चयन प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। पुरवां गांव में पंचायत सहायक पद के लिए कोई दावेदार नहीं होने से चयन नहीं हो सका है। जहां सुविधा नहीं है वहां व्यवस्था की जाएगी।