बदल रही खलीलाबाद रेलवे स्टेशन की तस्वीर
- दो लिफ्ट बनकर तैयार, एस्केलेटर भी लगेगा
- उत्तरी छोर में आ जा सकेंगे यात्री, नहीं झेलनी पड़ेगी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कोरोना संक्रमण के चलते भले ही ट्रेनों का संचालन कम हुआ है, लेकिन खलीलाबाद रेलवे स्टेशन की तस्वीर बदलने लगी है। ओवरब्रिज से जुड़े प्लेटफार्म एक और दो पर लिफ्ट बनकर तैयार हो गई है। एस्केलेटर लगाने की भी तैयारी है। इससे यात्रियों को एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने में सुगमता होगी।
कोरोना संक्रमण को देखते हुए रेलवे ने कई माह तक ट्रेेनों का संचालन बंद कर दिया था। इस दौरान विशेष ट्रेनें ही चलाई गई। इस बीच रेलवे प्रशासन ने समय का सदुपयोग किया और खलीलाबाद रेलवे स्टेशन को आदर्श रेलवे स्टेशन बनाने के लिए सार्थक पहल की। वर्तमान में रेलवे स्टेशन के ओवरब्रिज पर लिफ्ट बनाने का कार्य पूर्ण हो गया है। इससे प्लेटफार्म एक और दो पर उतरने वाले यात्रियों को आने वाले दिनों में सामान के साथ सीढ़ियां चढ़ने से निजात मिल जाएगी। इसका सबसे ज्यादा लाभ शहर से रेलवे स्टेशन पहुंचने वाले लोगों को होगा, क्योंकि अभी यात्रियों को रेलवे क्रासिंग पार कर रेलवे स्टेशन पर आना-जाना पड़ता है। इसके साथ ही जो यात्री लिफ्ट का प्रयोग नहीं करते हैं, उनके लिए एस्केलेटर लगाने की भी तैयारी चल रही है। इसके साथ ही दोनों प्लेटफार्म पर यात्रियों के बैठने के लिए अतिरिक्त बेंच की व्यवस्था की गई है। यात्रियों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के लिए प्लेटफार्म नंबर दो पर भी वाटर वेंडिग मशीन लगाई गई है। साफ-सफाई व्यवस्था पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
अब भी बनी हुई है कई समस्याएं
खलीलाबाद रेलवे स्टेशन को सुविधाओं से लैस करने की मुहिम के बीच कई समस्याएं भी बनी हुई है। जिसमें रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म एक पर लगी वाटर वेंडिग मशीन बंद है। पानी के लिए लगी टोटियां भी साफ पानी नहीं दे रहीं है। कई बेंच पर छाजन की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में बारिश होने पर समस्या खड़ी हो रही है। यही नहीं माल गोदाम की ओर जाने वाले मार्ग पर जलभराव की समस्या है।
खलीलाबाद रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। लिफ्ट लगाने का कार्य पूर्ण हो गया है, अन्य सुविधाओं के लिए भी प्रयास चल रहे हैं। जो समस्याएं है, उसका निस्तारण जल्द ही करा दिया जाएगा।
- एके गौंड, स्टेशन अधीक्षक खलीलाबाद