मोहिद्दीनपुर गांव के लोगों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया।
- फोटो : अमर उजाला
मोहिद्दीनपुर गांव के लोगों ने गांव में शराब की दुकान खोलने के प्रस्ताव के विरोध में सोमवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने कहा कि आबादी से सटे एवं धर्म स्थल के करीब नेशनल हाईवे से दो सौ मीटर दूर शराब की दुकान खोलने का प्रस्ताव है। यह किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं है। गांव के लोगों ने डीएम को ज्ञापन देकर शराब की दुकान की अनुमति न देने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शराब की दुकान खोलने का प्रयास किया गया तो वृहद आंदोलन किया जाएगा।
मोहिद्दीनपुर गांव के लोग पूर्वाह्न 11 बजे कलेक्ट्रेट पहुुंचे और प्रदर्शन किया। गांव के इसीना, राजेश, श्याम करन, विनोद, बाबू लाल, बृजेश कुमार मौर्या आदि ने कहा कि गांव में आबादी से सटे तथा धर्म स्थल के पास ही शराब की दुकान खोलने का प्रस्ताव है। गांव के लोगों ने कहा कि इससे हम सभी का रहना और वहां से गुजरना मुश्किल हो जाएगा। पूरे गांव व इलाके की बच्चियां उसी रास्ते से स्कूल जाती हैं, इससे अराजकता फैलने की अंदेशा है।
ग्रामीणों ने डीएम से मांग किया कि आबादी के सटे शराब की दुकान खोलने की अनुमति न दें। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जबरन शराब की दुकान खोलवाने का प्रयास किया गया तो हर स्तर पर विरोध किया जाएगा। प्रदर्शन में रामचंद्र, ठाकुर प्रसाद, धर्मेंद्र कुमार, हरीराम, मोहम्मद करीम खान, राम नयन, राधेश्याम, गोपाल, विनोद, राजाराम, महतुल्लाह सहित तमाम लोग शामिल रहे।