- डीएम की अध्यक्षता में आईजीआरएस एवं कर-करेत्तर की समीक्षा हुई बैठक
- डीएम ने कहा, आईजीआरएस पोर्टल पर मिली शिकायतों का समय से निस्तारण कर पोर्टल पर करें अपलोड
- लापरवाही मिलने पर एक माह में तीन बार स्पष्टीकरण जारी होने पर संबंधित पर होगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार को डीएम महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में आईजीआरएस पोर्टल पर मुख्यमंत्री, आयुक्त, जिलाधिकारी संदर्भ, तहसील दिवस संदर्भ सहित अन्य ऑनलाइन और ऑफलाइन संदर्भों के सापेक्ष प्राप्त, निस्तारित और लंबित शिकायतों की समीक्षा हुई। नगर पालिका के जरिए लक्ष्य के सापेक्ष कम वसूली पर डीएम ने नाराजगी जताई। साथ ही ईओ को इसमें सुधार लाने के निर्देश दिए।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि अधिकारी आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त संदर्भों को निर्धारित समय सीमा के अंतिम दौर में निस्तारित करते हैं। जिससे संदर्भों के निस्तारण की गुणवत्ता संतुष्टपरक नहीं होती है, इसलिए सभी अधिकारी नियमित तौर पर पोर्टल पर संदर्भों को प्राप्त होते ही निस्तारित करने की दिशा में कार्रवाई प्रारंभ करना सुनिश्चित करें।
डीएम ने कहा कि अगर किसी अधिकारी को उसके विभाग से संबंधित संदर्भों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने के कारण एक महीने में तीन बार स्पष्टीकरण जारी होगा तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करके रिपोर्ट को पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें। कर-करेत्तर की समीक्षा के दौरान आबकारी, व्यापार कर, स्टांप शुल्क, बिल देयों की वसूली, नगर निकायों में राजस्व संग्रह की स्थिति, खनन, मंडी समिति, बाट-माप, खाद्य एवं सुरक्षा सहित अन्य राजस्व संग्रह से संबंधित विभागों द्वारा लक्ष्य के सापेक्ष राजस्व देयों की वसूली की समीक्षा की। जिनमें अधिशासी अधिकारी नगर पालिका खलीलाबाद द्वारा लक्ष्य के सापेक्ष अपेक्षाकृत कम वसूली पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। ईओ को सुधार लाने के लिए निर्देशित किया।
इस अवसर पर एडीएम जय प्रकाश, एसडीएम शैलेश दुबे, एसडीएम रमेश चंद्र समेत अन्य मौजूद रहे।