संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए सोमवार को यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। मुखलिसपुर तिराहे पर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। फुटपाथ के किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेले और अनियमित तरीके से की गई वाहन पार्किंग व वाहन स्टैंड को भी हटाया गया।
प्रभारी यातायात परमहंस के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी न हो।
इसके बाद यातायात पुलिस ने लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। वाहन चालकों से तीन सवारी बैठाकर वाहन नहीं चलाने, बिना नंबर प्लेट के वाहन नहीं चलाने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की गई। स्कूल वाहनों में निर्धारित यातायात नियमों का पालन करने और तेज रफ्तार से वाहन नहीं चलाने के लिए भी जागरूक किया गया। संवाद