- हैंसर बाजार और सिरसी में पुलिस की मौजूदगी में चला अभियान, निर्माण कार्य में तेजी आने की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। राम जानकी मार्ग के निर्माण में रुकावट बने अतिक्रमण को सोमवार को हैंसर बाजार और सिरसी में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हटाया गया। अब मार्ग का निर्माण कार्य तेजी के साथ होने की उम्मीद बढ़ गई है।
अयोध्या से जनकपुर तक जाने वाले राम जानकी मार्ग का चौड़ीकरण कार्य धनघटा तहसील क्षेत्र के 35 किलोमीटर के दायरे में चल रहा है। जनवरी 2023 से शुरू कार्य करीब 70 प्रतिशत पूर्ण भी हो चुका है। धनघटा, हैंसर बाजार, सिरसी, देखौटी, देखौटा, लोहरैया, बसवारी गांव में सड़क के किनारे अतिक्रमण के चलते निर्माण कार्य नहीं हो पा रहा था। अतिक्रमणकारियों को जमीन को कब्जा मुक्त करने की नोटिस एनएच के जरिए बराबर दिया जा रहा था। लेकिन अतिक्रमणकारी जमीन को कब्जा मुक्त नहीं कर रहे थे।
सोमवार को एसडीएम के नेतृत्व में दो सीओ, चार थाने की पुलिस हैंसर बाजार में पहुंची और सड़क के दायरे में किए गए अतिक्रमण को जेसीबी के जरिए हटाना शुरू कर दिए। इस दौरान व्यापारियों और पुलिस के बीच नोंकझोक भी होती रही। लेकिन अतिक्रमण हटाने का कार्य जारी रहा। लक्ष्मी नारायण दुबे, शिव प्रसाद, सुरेंद्र, रमेश आदि का कहना है कि एन एच के लोग जमीन का मुआवजा दिए बगैर जबरन कार्य कर रहे हैं। जमीन का मुआवजा दे दें उसके बाद कार्य करवाएं। इसमें किसी को आपत्ति नहीं है। लक्ष्मी नारायण दुबे ने कहा कि हैंसर बाजार के लोग अपनी उचित मांग को लेकर कार्य को रोक रहे थे। लेकिन बगैर किसी को मुआवजा दिए प्रशासन जबरदस्ती पर आमादा है।
इस मामले में जनप्रतिनिधि भी खामोशी अख्तियार किए हुए हैं। किसानों का कहना है कि कुछ लोगों को मुआवजा दे दिया गया जबकि उन्हीं के सह खातेदार को मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। गांधी आश्रम के पास तीन मीटर से अधिक जमीन खोद दी गई। इन्हीं सब बातों को लेकर प्रशासन के लोगों के साथ जमकर नोंकझोक होती रही।
हैसर बाजार में 41 और सिरसी में छह लोगों के कब्जे से अतिक्रमण को मुक्त कराया गया है। जिन किसानों को मुआवजा राशि नहीं मिली है। उनको शीघ्र ही मुआवजा राशि दे दिया जाएगा। सड़क के निर्माण कार्य में सभी के सहयोग की जरूरत है। हैंसर बाजार और सिरसी में अतिक्रमण हटाया गया है। धनघटा, देखौटी देखौटा, बसवारी गांव, लोहरैया में सड़क के किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाकर सड़क का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कर दिया जाएगा।
- अमित कुमार तिवारी, कंसल्टेंट, एनएच बस्ती