पुलिस लाइन्स में गूगल मीट करते हुए एसपी तथा उपस्थित अन्य अधिकारी । संवाद
संतकबीरनगर। एसपी संदीप कुमार मीना ने शनिवार देर रात जिले में स्टूडेंट पुलिसिंग को बेहतर बनाने के लिए ऑनलाइन बैठक की। देर रात अपने आवास पर पुलिस अधिकारियों के साथ ऑनलाइन गोष्ठी में पुलिस टीम को क्षेत्र में बराबर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। स्नातक स्तर के विद्यार्थियों के लिए विशेष ओरिएंटेशन प्रशिक्षण पर जोर दिया।
एसपी ने डिजिटल वॉलंटियर्स की टीम को सशक्त करने, सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं की तत्काल रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने आदेश दिए। अवस्थापना सुविधा सॉफ्टवेयर की भी एसपी ने समीक्षा की। यातायात व्यवस्था को सुचारु रूप से बनाए रखने के लिए कहा। पुलिस टीम के ऑनलाइन प्रशिक्षण पर एसपी ने जोर दिया। स्नातक स्तर के विद्यार्थियों को पुलिसिंग से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए विशेष ओरिएंटेशन प्रशिक्षण कार्यक्रम पर जोर दिया। इसके तहत विद्यार्थियों को भारतीय दंड संहिता, दंड प्रक्रिया संहिता, साक्ष्य अधिनियम सहित विभिन्न विधिक प्रावधानों की मूलभूत जानकारी, एफआईआर, गिरफ्तारी, तलाशी, जब्ती आदि प्रक्रियाओं के मानक नियमों की विस्तृत जानकारी देने की बात कही। नशा तस्करी के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई, मुख्य धारा, नशे के दुष्प्रभाव, अवैध मादक पदार्थों की पहचान, तथा समाज में नशा उन्मूलन के लिए जनजागरूकता की भूमिका पर प्रशिक्षण देने की बात कही। एसपी ने कहा कि तकनीक के माध्यम से अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा तथा जनसहभागिता को सशक्त बनाया जाएगा।