संतकबीरनगर। बिजली निगमों के निजीकरण के विरोध में बृहस्पतिवार को भी बिजली कर्मियों ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर धरना दिया। इस दौरान बिजली कर्मियों ने कहा कि इलेक्ट्रिसिटी अमेंडमेंट बिल पर केन्द्रीय विद्युत मंत्रालय की बिजली इंजीनियरों और बिजली कर्मचारियों के संगठनों से 12 जनवरी को दिल्ली में मीटिंग होनी प्रस्तावित है। यदि इलेक्ट्रिसिटी अमेंडमेंट बिल पारित कराने की एकतरफा कोशिश हुई तो राष्ट्रव्यापी हड़ताल की जाएगी।
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के पदाधिकारी मनोज यादव ने कहा कि झूठे आंकड़ों के आधार पर विद्युत निगमों के निजीकरण की साजिश की जा रही है। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 12 जनवरी की बैठक में कोई सार्थक चर्चा नहीं होती है तो बिजली कर्मी बिल पारित करने की किसी भी एकतरफा कार्यवाही के विरोध में राष्ट्रव्यापी हड़ताल के लिए तैयार हैं।
धरना में इंजीनियर मुकेश गुप्ता, सुनील प्रजापति, सूरज प्रजापति, नारायण चंद्र चौरसिया, दिलीप सिंह, अमरनाथ यादव, प्रदुम कुमार, भास्कर पांडेय, विजय कुमार आदि मौजूद रहे।