- मुखलिसपुर फीडर से जुड़े उपभोक्ता झेल रहे परेशानी, रात में महुली कस्बे में नहीं मिलता है कोई लाइनमैन
महुली। जिले के नाथनगर ब्लॉक क्षेत्र के मुखलिसपुर फीडर की स्थिति दिन प्रतिदिन बदतर होती जा रही है। छोटा सा फॉल्ट रात में हो जाए तो उसे ठीक करने के लिए कोई कर्मचारी नहीं मिल पा रहा है। रविवार को लोकल फाॅल्ट के चलते दिनभर बिजली नहीं आई। लंबे इंतजार के बाद रात करीब 10 बजे आई तो फ्यूज उड़ गया। किसी तरह एक बार फ्यूज जोड़ा गया, लेकिन 10 मिनट बाद ही फिर से फ्यूज उड़ गया। इससे उपभोक्ता परेशान रहे। हालांकि, सोमवार को सुबह फ्यूज जोड़ने के बाद बिजली सप्लाई बहाल हो सकी।
रविवार को लगातार 19 घंटे बिजली कटौती से लोगों के घरों में लगा इन्वर्टर भी जवाब दे गया। रात में बिजली न आने से लोगों को जागकर गुजारनी पड़ी। इसको लेकर बिजली उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ रहा है। क्षेत्र के निवासी राघवेंद्र कुमार, दीपक कुमार आदि ने कहा कि बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है और उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसके बाद भी कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
अधिशाषी अभियंता इंजीनियर राजेश कुमार ने कहा कि लोकल फाॅल्ट की समस्या को तत्काल दूर करने के लिए बिजली कर्मियों को निर्देशित किया गया है। यदि लापरवाही मिली तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।