मेंहदावल। जिले के दो ब्लॉकों में विद्युत उप केंद्र के निर्माण के लिए जमीन चिह्नित हो गई है। इस पर करीब 12 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह पहल जन प्रतिनिधियों के पत्र पर हुई है। बेलहर के बभनी और सांथा के बनेथू में उपकेंद्र का निर्माण होगा। इसके बनने से इस क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या से निजात मिलेगी। इसके साथ ही लोकल फॉल्ट भी दूर होगा। इससे 30 ग्राम पंचायत की करीब दो लाख की आबादी की बिजली आपूर्ति में सुधार होगा।
बेलहर कला ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम पंचायत बभनी में विद्युत उपकेंद्र निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। पूर्व विधायक राकेश सिंह बघैल के पत्र के बाद गंभीर हुए बिजली निगम ने उपकेंद्र के निर्माण के लिए भूमि चिह्नित कर ली है। इस उपकेंद्र के निर्माण से करीब 30 ग्राम पंचायत के विद्युत उपभोक्ताओं को विद्युत समस्या तथा लो वोल्टेज की परेशानी से निजात मिलेगी।
लंबे समय से बभनी तथा इसके अगल-बगल के गांव के विद्युत उपभोक्ता विद्युत उपकेंद्र की मांग कर रहे थे। अक्सर इन्हें लो वोल्टेज की समस्या का जहां सामना करना पड़ रहा था वहीं विद्युत फॉल्ट होने पर तत्काल दुरुस्त करने की जगह समय लगता था। इससे सुचारु रूप से विद्युत आपूर्ति का लाभ इस क्षेत्र के उपभोक्ताओं को नहीं मिल पा रहा था।
-
अन्य ब्लॉक के गांव को भी मिलेगा लाभ
मेंहदावल। बेलहर कला विकासखंड के गांव के साथ-साथ ही बघौली विकासखंड के दो गांव के लोगों को भी बभनी में उपकेंद्र के निर्माण से सीधे लाभ होगा। बघौली विकासखंड के देवकली तथा भिरवा गांव के विद्युत उपभोक्ताओं को भी इस उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति मिलेगी। बभनी में विद्युत उपकेंद्र निर्माण के लिए जमीन की स्वीकृति हो चुकी है।
विद्युत उपकेंद्र के निर्माण से बेलहर कला तथा बघौली ब्लॉक के गांव के विद्युत उपभोक्ताओं को विशेष लाभ होगा। जहां सुचारु रूप से विद्युत आपूर्ति उन्हें मिलेगी वहीं लो वोल्टेज समेत अन्य समस्याओं का समाधान होगा।
-राकेश सिंह बघेल, पूर्व विधायक
मेंहदावल तहसील क्षेत्र के विकासखंड सांथा के ग्राम पंचायत बनेथू में विद्युत उपकेंद्र के निर्माण के लिए जमीन चिह्नित हो गई है। इस उपकेंद्र के निर्माण से लगभग 25 गांव से अधिक लोगों को लाभ मिलेगा। लोगों की लो वोल्टेज की समस्या जहां समाप्त होगी। वहीं बिजली की आंख-मिचौली से भी निजात मिलेगा।
-अनिल त्रिपाठी, विधायक, मेंहदावल
-
बभनी में उपकेंद्र के निर्माण की स्वीकृति हो गई है। 33/11 केवी के इस उपकेंद्र के निर्माण पर छह करोड़ से अधिक की धनराशि खर्च होगी। इसके निर्माण से बेलहर कला ब्लॉक के सौरहा, इनदरपुर, देवलसा, फोलकी चमरसन, कुसम्हा, बढ़या जीवधरा, पचपेड़वा, कुकुरडाड़, कुड़ी मनमन समेत 30 गांव के विद्युत उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। बनेथू में भी जमीन चिह्नित हो गई है। बजट आते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
-अभिषेक यादव, अधिशासी अभियंता विद्युत