एक वर्ष में तैयार होगा केंद्र, पांच हजार उपभोक्ताओं को मिलेगा फायदा
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। संत कबीर की निर्वाण स्थली मगहर को 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने के लिए जल्दी ही मगहर कस्बे में नया विद्युत उपकेंद्र बनेगा। 33/11 केवीए क्षमता के इस उपकेंद्र का निर्माण होने से कस्बे और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के करीब पांच हजार उपभोक्ता लाभान्वित होंगे। वहीं मगहर कताई मिल फीडर क्षेत्र का लोड कम करने के लिए इसे भी दो भागों में बांटकर नए फीडर से जोड़ा जाएगा।
खलीलाबाद शहर के औद्योगिक एरिया विद्युत उपकेंद्र से मगहर कस्बे को विद्युत आपूर्ति होती है। मगहर फीडर में करीब पांच हजार उपभोक्ता हैं। कबीरचौरा परिसर को अंतर्राष्ट्रीय पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने के लिए यहां 24 घंटे बिजली आपूर्ति की जरूरत है लेकिन विद्युत उपकेंद्र से दूरी के चलते दिक्कत आती रहती है। मगहर चेयरमैन ने पिछले वर्ष मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर कस्बे में विद्युत उपकेंद्र स्थापित कराने की मांग की थी। इस पर मुख्यमंत्री ने सहमति दे दी थी। बिजली विभाग के सूत्रों के अनुसार उपकेंद्र स्थापित करने के लिए जगह चिह्नित करने समेत अन्य सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। बस विद्युत निगम मुख्यालय से इसके लिए डीएम कार्यालय को एक पत्र भेजा जाना है। इसके बाद जमीन का आवंटन होगा और निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा। निर्माण पर करीब तीन करोड़ रुपये खर्च होंगे।
मगहर कताई मिल फीडर का घटेगा लोड
खलीलाबाद विद्युत उपकेंद्र से जुड़े मगहर कताई मिल फीडर का लोड घटाने के लिए उपकेंद्र के रिक्त पड़े एक फीडर का उपयोग होगा। वर्तमान में मगहर कताई मिल फीडर में करीब डेढ़ सौ गांव हैं। इनमें से आधे गांव नए फीडर से जोड़े जाएंगे। अभी लोड अधिक होने के चलते आए दिन इस फीडर में लाइन ट्रिप होने की शिकायत रहती है। लोड घटने से लाइन ट्रिप होने के साथ ही लो वोल्टेज की दिक्कत से भी मुक्ति मिल जाएगी।
एक्सईएन संजय सिंह ने कहा कि मगहर में नया विद्युत उपकेंद्र के निर्माण का काम जल्दी ही शुरू हो जाएगा। इसकी कागजी औपचारिकताएं पूरी कराई जा रही हैं। नया उपकेंद्र बनने में करीब एक वर्ष का समय लगेगा। इसके अलावा मगहर कताई मिल फीडर को दो हिस्सों में बांटने का कार्य भी शुरू हो चुका है। करीब तीन महीने में नया फीडर शुरू हो जाएगा।