धनघटा। विद्युत उपकेंद्र मुखलिसपुर से महुली क्षेत्र के तिनहरी गांव में चल रही बिजली सप्लाई में विगत एक महीनों से उपभोक्ताओं के घरों में करंट प्रवाहित हो रहा है। उपकरण में करंट उतरने से बहुत लोग झटका खा चुके हैं।
बिजली निगम की लापरवाही के चलते 17 जून को गांव के युवक कुलदीप यादव की मौत हो चुकी है। लोगों ने सोमवार को गांव में बिजली निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया और हस्ताक्षरयुक्त पत्र डीएम को भेजकर समस्या का निस्तारण करने की मांग की।
तिनहरी गांव के प्रधान प्रतिनिधि मनीराम, रमेश चन्द्र, अनूप शुक्ला, ओमप्रकाश, राजेश शुक्ला, संतोष कुमार, रियाज, चन्द्रदेव, सद्दाम, अरविंद शुक्ला, शिवांश शुक्ला आदि ने बताया कि परिषदीय विद्यालय परिसर में ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। नंगे हाईटेंशन तार को विद्यालय परिसर के ऊपर से खींच दिया गया है। बच्चों के अलावा हमेशा शिक्षक, अभिभावक और ग्रामीणों के लिए खतरा बना रहता है। इसे तत्काल हटाया जाए।
इसी तरह उक्त ट्रांसफार्मर से गांव में खिंची गई लाइन में न्यूटल और फेस लाइन में गड़बड़ी होने से हर घर में करंट उतर रहा है। लोगों को करंट का झटका लग रहा है। ग्रामीण महीने भर से दहशत में जी रहे है। बिजली निगम की लापरवाही से गांव के कुलदीप यादव की 17 जून को जान चली गई। इसके बाद भी निगम पर कोई असर नहीं हुआ।
ग्रामीणों के अनुसार सोमवार को अवर अभियंता फोन से मामले की जानकारी दी गई, लेकिन कोई जिम्मेदार सुधि लेने नहीं पहुंचा। लोगाें ने कहाकि 24 घंटे में उनकी समस्या का समाधान नहीं होगा वृहद आंदोलन शुरू किया जाएगा।
इस संंबंध में अवर अभियंता अजय चौरसिया ने कहाकि जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।