बड़गो। तेनुहारी सोयम गांव के पास बाइक की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। वह इंडस्ट्रियल एस्टेट स्थित एक निजी कंपनी में काम करता था और छुट्टी होने के बाद घर जा रहा था। पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के गरथवलिया गांव का निवासी पवन कुमार चौधरी (25) इंडस्ट्रियल एस्टेट स्थित एमपीसीसी कंपनी में काम करता था। रविवार की देर शाम वह वहां से काम करके बाइक से घर जा रहा था। अभी वह तेनुहारी सोयम गांव के पास पहुंचा ही था कि लघुशंका के लिए बाइक रोक दी। लघुशंका के बाद वह बाइक के पास जा रहा था, इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही बाइक पर सवार दो युवकों ने जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गए।
इससे वह बुरी तरह से घायल हो गया। घायलावस्था में स्थानीय लोग उसे जिला चिकित्सालय ले गए, वहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उसके पिता रामसुरेश चौधरी ने बताया कि वह एमपीसीसी (मेडिकल पॉल्यूशन कंट्रोल कमेटी) की गाड़ी चलाता था।
घटना की जानकारी पाकर जिला पंचायत सदस्य अशोक चौधरी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिवार के लोगों को सांत्वना दी तथा हर संभव मदद कराने का आश्वासन दिया। कोतवाली खलीलाबाद के प्रभारी निरीक्षक पंकज पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक गरथवलिया गांव निवासी पवन कुमार के पिता राम सुरेश चौधरी की शिकायत पर बिना नंबर की बाइक के चालक तेनुहारी दोयम निवासी दीपक कुमार के खिलाफ केस किया गया है।