नींद न चैन, बिजली कटौती से लोग बेचैन
- शहर में सात तो ग्रामीण क्षेत्रों में 10 घंटे हो रही कटौती
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले में अघोषित विद्युत कटौती ने उपभोक्ताओं की समस्या बढ़ा दी है। शहर में सात घंटे तो ग्रामीण क्षेत्रों में 10 घंटे कटौती हो रही है। रात में कटौती की वजह से लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है। वहीं, लोकल फाल्ट और लो वोल्टेज की समस्या भी बनी हुई है।
मई के महीने में गर्मी से लोग परेशान हैं। इस बीच अघोषित कटौती भी बढ़ गई है। शासन का निर्देश है कि जनपद मुख्यालय को 22 से 24 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों को 18 से 20 घंटे आपूर्ति की जाए, लेकिन धरातल पर मामला कुछ अलग ही है। शहर से लेकर गांव तक बिजली की कटौती हो रही है। ग्रामीण क्षेत्र में महज 14 घंटे बिजली की आपूर्ति हो रही है। शहर में करीब 16 से 17 घंटे ही बिजली मिल रही है। वहीं, रात में बिजली कटौती होने से लोगों की नींद भी पूरी नहीं हो पा रही है। कटौती के बीच लोकल फाल्ट और लो वोल्टेज की समस्या भी बढ़ गई है।
खलीलाबाद क्षेत्र के निवासी दिनेश कुमार, चंदन कुमार, प्रदीप कुमार आदि ने कहा कि बिजली की कटौती से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। लोगों ने कहा कि जर्जर व उलझे तारों को बदलने की जरूरत है, ताकि लोकल फाल्ट व लो वोल्टेज की समस्या से निजात मिल सके।
आपूर्ति निरंतर बनाए रखने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। गर्मी बढ़ने से लोड बढ़ गया है, जिससे लोकल फाल्ट की समस्या आ रही है। इसे दूर करने के लिए कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं। यह भी निर्देश है कि लोकल फाल्ट होने पर तत्काल समस्या दूर कराई जाए।
- आरके सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत