क्षतिग्रस्त कार।सीएचसी पर जानकारी लेते एसडीएम रामवीर सिंहसीएचसी मे भर्ती घायल
खड्डा। थाना क्षेत्र के बंजारीपट्टी गांव के पास बुधवार की रात करीब आठ बजे खड्डा-सिसवा मार्ग पर अनियंत्रित कार की चपेट में आने से 12 वर्षीय बालिका समेत आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को तुर्कहां सीएचसी भिजवाया। सात लोगों की हालत गंभीर देख डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रविंद्रनगर रेफर कर दिया। वहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद नाराज गांव के लोगों ने कार सवार दोनों युवकों को पकड़कर पिटाई कर दी और कार को क्षतिग्रस्त कर दिया।
कार खड्डा से सिसवा बाजार की तरफ जा रही थी। बंजारीपट्टी गांव के पास 14 वर्षीय पुत्र अमन यादव के साथ बाइक से जा रहे महराजगंज जिले के निचलौल थाना क्षेत्र के करत निवासी 40 वर्षीय राजू यादव की बाइक को टक्कर मार दी। दाेनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद कार चालक भागने की चक्कर में सड़क किनारे खड़ी बंजारी पट्टी निवासी 12 वर्षीय जोया, चनरहा खुश्बुद्दीन(55), बंजारी पट्टी निवासी राधेश्याम(21), विशाल (30), वैतुल्लाह (65) और रामनरेश (72) गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद नाराज लोगों ने कार सवार लोगों को पकड़ कर पिटाई करते हुए कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना पर आई पुलिस कार सवार लोगों को बचाकर थाने ले गई और घायलों को तुर्कहा सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने सात लोगों को मेडिकल कॉलेज रविंद्रनगर रेफर कर दिया। घायल रामनरेश का इलाज सीएचसी में चल रहा है। खड्डा थानाध्यक्ष संदीप सिंह ने बताया कि बंजारीपट्टी में हुए हादसे में आठ लोग घायल हैं। कार और उसमें सवार लोगों को थाने लाया गया है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।