संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। विकास खंड सेमरियावां के दुधारा से जातेडीहा होते हुए दुबौलिया गांव को बीएमसीटी मार्ग से जोड़ने वाला संपर्क मार्ग इन दिनों बदहाल है। सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे राहगीरों का सफर जोखिम भरा हो गया है। बरसात के चलते गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क और भी खतरनाक हो गई है तथा आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र के कई गांवों को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। इसी रास्ते से छात्र-छात्राएं स्कूल-कॉलेज, किसान खेतों तक तथा ग्रामीण बाजार और अस्पतालों के लिए आवागमन करते हैं लेकिन लंबे समय से सड़क की मरम्मत न होने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक बरसात में सड़क की स्थिति और दयनीय हो जाती है।
गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क और गड्ढों का अंतर समझ में नहीं आता, जिससे दोपहिया वाहन चालक अक्सर फिसलकर घायल हो जाते हैं। चारपहिया वाहनों को भी काफी धीमी गति से गुजरना पड़ता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की मरम्मत के लिए कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों से शिकायत की गई लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्राम प्रधान नसीमुद्दीन, कारी महबूब आलम नदवी, अब्दुल मुतल्लिब, नजीर अहमद, छाबर चौरसिया, राम नयन चौरसिया, रामचेत यादव, राम लछन, उमेश कुमार, अब्दुल हमीद, हाफिज तौफीक अहमद, राम पारस, भागमन, मोहम्मद आमिर और मुजीबुद्दीन सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।