संतकबीरनगर। जिला क्षय रोग कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों के न आने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। सीएमओ ने बृहस्पतिवार को कार्यालय का निरीक्षण किया था, जिसमे डीटीओ समेत 12 कर्मी अनुपस्थित मिले थे। सभी का वेतन रोक दिया था। शुक्रवार को सीएमओ ने जिला क्षय रोग अधिकारी को हटा दिया। उनके स्थान पर अपर सीएमओ आरसीएच डॉ. महेंद्र प्रसाद को जिला क्षय रोग अधिकारी नामित किया है।
बता दें कि सीएमओ डॉ रामानुज कनौजिया ने बृहस्पतिवार की सुबह 10:30 बजे टीबी अस्पताल का निरीक्षण किया था। पता चला कि जिला क्षय रोग अधिकारी डाॅ. अमित सिंह, टीओ आशीष कुमार श्रीवास्तव, टीओ रवि कुमार मिश्रा, पीपीएम कविता पाठक, सुपरवाइजर ईश्वर चौधरी, लेखाकार राम बक्श विश्वकर्मा, बीबीसी अमित आनंद, एसटीएस सर्वेश चतुर्वेदी, चौकीदार राकेश चौधरी के अलावा आशीष कुमार श्रीवास्तव दो दिन का एडवांस उपस्थिति रजिस्टर पर हस्ताक्षर बनाकर गायब थे। साथ ही फार्मासिस्ट संगीता व एक्सरे टेक्नीशियन दीप नारायण पांडेय उपस्थिति रजिस्टर पर एडवांस में सीएल भरा था। उन्होंने सभी का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण तलब किया था। शुक्रवार को सीएमओ ने जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अमित सिंह को उनके पद से हटा दिया। इसके साथ ही सीएमओ कार्यालय में तैनात अपर सीएमओ आरसीएच डॉ महेंद्र प्रसाद को जिला क्षय रोग अधिकारी की जिम्मेदारी सौपी। वह अपर सीएमओ के अलावा जिला क्षय रोग अधिकारी का भी कार्य करेंगे।