- धर्मसिंहवा क्षेत्र के मेंहदूपार चौराहे का मामला
- वाहन रोकना नागवार गुजरा तो की मारपीट
- थाने ले जाते समय गाड़ी से भी कूदा
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मसिंहवा। मेंहदूपार में वाहन चेकिंग अभियान के दौरान नशे में धुत युवक ने पुलिसकर्मियों से मारपीट कर ली। युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया और थाने ले जाने लगी। थाने ले जाते वक्त युवक पुलिस की चलती गाड़ी से नाले में कूद गया। पुलिसकर्मी भी उसके पीछे नाले में कूद गए और पकड़कर उसे थाने ले गए।
शनिवार की शाम को धर्मसिंहवा पुलिस मेंहदूपार चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर दो युवक सवार होकर पुलिस कर्मियों के पास पहुंचे। दोनों युवक नशे में धुत थे। इनमें से एक युवक वाहन चेकिंग पर जवाब सवाल करने लगा। दूसरा पुलिसकर्मी से भिड़ गया और मारपीट की। पुलिस ने मारपीट करने वाले नशे में धुत युवक को हिरासत में ले लिया। गाड़ी में बैठा कर थाने ले जाने लगी।
पुलिस की गाड़ी अभी केंचुआखोर पहुंची थी कि मौका पाकर आरोपी युवक पुलिस की चलती गाड़ी से सड़क के किनारे स्थित नाले में कूद गया। इतना देख पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। आरोपी युवक के पीछे एसओ फोर्स के साथ नाले में उतर गए। तब जाकर वह पकड़ में आया। लेकिन पुलिस कर्मियों और एसओ का मोबाइल पानी में भीग जाने के कारण खराब हो गया। आरोपी युवक का रात में ही मेडिकल कराकर पिता को सौंप दिया गया।