संतकबीरनगर। बूंदाबांदी के बीच जिले का मौसम शनिवार को काफी सुहाना रहा। लोगों को गर्मी से राहत मिली है। पिछले दो दिन से हो रही कड़ी धूप के चलते आम जनमानस को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
शुक्रवार की रात में हुई मूसलाधार बारिश के बाद जिले में शनिवार को पूरे दिन बादल छाए रहे। बूंदाबांदी के बीच रक्षाबंधन पर्व पर लोगों की आवाजाही का दौर देर शाम तक चलता रहा। वहीं गर्मी से लोगों को काफी राहत भी मिली है। तापमान 27 से 29 सेल्सियस के बीच रहा। शनिवार को जिले में चार एमएम बारिश हुई। मेंहदावल क्षेत्र में भी तापमान में काफी गिरावट महसूस की गई। वहां पर भी हल्की बारिश हुई है। धनघटा क्षेत्र में दोपहर 11 बजे के करीब 15 मिनट तक मूसलाधार बारिश होती रही। इसके बाद पूरे दिन रिमझिम बारिश हुई। रविवार को भी हल्की बूंदाबांदी होने का अनुमान है।