Up nikay chunav, निकाय चुनाव, यूपी चुनाव
- फोटो : सोशल मीडिया।
निकाय चुनाव में शराब व पैसा बांटकर मतदाताओं को प्रभावित करने का खेल शुरू हो गया है। सोमवार देर रात मेंहदावल नगर पंचायत में भाजपा से सभासद का चुनाव लड़ रही महिला उम्मीदवार के पति को शराब बांटते पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह बंटी-बबली ब्रांड की देसी शराब की शीशियां बांटकर लोगों से कह रहे थे कि वोट मेरी बीवी को ही देना। पुलिस उन्हें थाने ले गई। बाद में निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मेंहदावल नगर पंचायत के वार्ड संख्या आठ केवटलिया सानी से सभासद के लिए भाजपा की महिला प्रत्याशी के पति सोमवार की रात करीब दस से ग्यारह बजे के बीच एक अन्य साथी के साथ पहुंचे। सानी केवटलिया और ठठराही के बीच सभासद के पति हाथ में झोला लिए खड़े थे।
वहीं पर अपने साथी से कह कर लोगों को बुलवाने लगे और झोले में रखी देसी शराब की शीशियां निकाल कर कुछ लोगों को देने लगे। शीशी देने के बाद वह पक्ष में मतदान करने की बात भी कर रहे थे। इसी दौरान गश्त करते हुए पुलिसकर्मी बाइक से पहुंच गए। पुलिस की गाड़ी देखकर सहयोगी व अन्य लोग भाग निकले, लेकिन प्रत्याशी के पति मौके पर ही झोले में रखे शराब के साथ पकड़ लिए गए।
पुलिस कर्मी उन्हें बाइक पर बैठाकर थाने ले गए। वहां झोले में रखी एक ब्रांड की देसी शराब की 24 शीशियां बरामद हुईं। सभासद प्रत्याशी के पति के पकड़े जाने की सूचना पर थाने में कुछ लोग पहुंच गए। लोगों के अनुसार, पुलिस मामले को दबाने की कोशिश की। हालांकि, इसकी काफी चर्चा हो गई थी तो पुलिस ऐसा नहीं कर पाई। बाद में लिखा-पढ़ी करनी पड़ी।
एसओ रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बजरंगी उर्फ दीपू निषाद को देर रात मतदाताओं के बीच शराब बांटने की सूचना पर पकड़ा गया। तलाशी में बंटी-बबली ब्रांड की देसी शराब की 24 शीशियां बरामद हुईं। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत करते हुए निजी मुचलके पर छोड़ा गया।