संतकबीरनगर। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी अनुज मलिक और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के साथ परीक्षार्थियों के आवागमन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए गए इंतजामों का जायजा लिया।
डीएम और एसपी ने मौलाना आजाद इंटर कॉलेज, एचआरपीजी कॉलेज और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। उन्होंने केंद्रों पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी की स्थिति देखी और आवश्यक निर्देश दिए। अधिकारियों ने केंद्रों के आसपास शांति व्यवस्था बनाए रखने और परीक्षार्थियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न होने देने पर जोर दिया।
दूसरी तरफ अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने भी विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था परखी। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए। परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के साथ ही किसी तरह की अव्यवस्था रोकने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने को कहा। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी करने और परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के निर्देश दिए।