आयोग के नियमों का पालन करें दावेदार : डीएम
- डीएम व एसपी ने मेंहदूपार, धर्मसिंहवा व खजुरी में की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मसिंहवा। डीएम दिव्या मित्तल एवं एसपी डॉक्टर कौस्तुभ ने शुक्रवार को धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र के संवेदनशील बूथ मेंहदूपार, धर्मसिंहवा व बखिरा के खजुरी में प्रत्याशियों के साथ बैठक की। बैठक में निर्वाचन आयोग के नियमों को बताते हुए उसे पालन करने का निर्देश दिया।
डीएम दिव्या मित्तल ने कहा कि निर्वाचन आयोग के नियम का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी व्यक्ति मानक के अनुसार प्रचार प्रसार नहीं करेगा उससे प्रशासन सख्ती से निपटेगा। डीएम ने कहा कि चुनाव के दौरान प्रत्याशी द्वारा अगर मतदाताओं को भोज दिया जा रहा हो या कुछ सामान का वितरण किया जा रहा हो तो उसकी तुरंत सूचना दें। संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसपी डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि प्रत्याशी के प्रतीक का झंडा, टी शर्ट, टोपी आदि लगाकर चलना भी वैधानिक नहीं है। पकड़े जाने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पंचायत चुनाव को पारदर्शी एवं सुचिता पूर्ण संपादित कराने में जिला प्रशासन पूर्ण रूप से तैयार है। एसडीएम मेंहदावल अजय कुमार त्रिपाठी ने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी प्रत्याशी के खिलाफ उसके व्यक्तिगत जीवन पर कोई टिप्पणी करना नियम विरुद्ध है। बिना आदेश के जुलूस निकालना या गोलबंदी कर प्रचार प्रसार करना नियम विरुद्ध है। इस अवसर पर सीओ मेंहदावल रामप्रकाश, एसओ विनय कुमार पाठक, रामचंद्र शुक्ला, मनोज शुक्ला, राजेंद्र निषाद, फजलुर्रहमान, अजहरुद्दीन, मौलाना वारिस अली, कैलाश नाथ वर्मा, अर्जुन गौड़, दिलीप कुमार, नगीना राय, घनश्याम वर्मा, रियाजुद्दीन आदि मौजूद रहे।