मेंहदावल। निजी कार से बरात से लौट रहे तीन लोगों के साथ डीजे संचालक व उनके साथियों ने जमकर मारपीट की। इस दौरान उन लोगों ने कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों पर केस दर्ज करके आवश्यक कार्रवाई शुरु कर दी है।
कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के झीनखाल मेंहनिया निवासी नागेंद्र चौधरी पुत्र गणेश ने मेंहदावल थाने में दी गई तहरीर में बताया है कि वह मंगलवार को मेंहदावल में एक बरात में आए हुए थे। मेंहदावल के पक्का पोखरा के पास रात में उनकी कार खराब हो गई।
आरोप है कि साइड लेने की बात लेकर एक अज्ञात डीजे संचालक ने उनके और मित्र के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। घटना में उसके दोस्त सुरेंद्र और गिरिजेश को काफी चोटें आई हैं। दोनों को अंदरूनी चोटें भी लगी हैं। उन्होंने गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। कई मोबाइल भी तोड़ दिए गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद डायल 112 पुलिस भी मौके पर पहुंची। इस दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। इस मामले में मेंहदावल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है।
मेंहदावल के प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह ने कहा कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जल्द आरोपितों की पहचान कर ली जाएगी।