मौसम की बेरुखी से किसानों में छाई मायूसी
बारिश न होने से धान की रोपाई करना हुआ मुश्किल, सूखने लगे खेत
रोसया बाजार (संतकबीरनगर)। मौसम की बेरुखी से किसानों के चेहरे पर उदासी छाने लगी है। समय से बारिश न होने के कारण धान की रोपाई के लिए किसानों को महंगे डीजल खरीदना पड़ रहा है। खेत भी सूखने लगे हैं।
किसानों के लिए खेती करना महंगा हो गया है। मडपौना गांव के किसान रामकेश का कहना है कि खेती करने में जो लागत लग रही है, उस मुताबिक उपज नहीं होती है। चौराकला के किसान घर भरन चौधरी, मनीराम साहू, रामचंदर चौधरी, स्वरूप चौधरी, पारा के धर्मनाथ सिंह, बेलघाट के फूल चंद यादव, रमेश, तुलसी राम आदि का कहना है कि समय से बारिश नहीं होने के कारण खेतों में पंपिंगसेट से पानी चलाकर धान की रोपाई करना पड़ रहा है।
खेतों में दरार पड़ गई है। अगर मौसम का यही रुख रहा तो धान की रोपाई करना मुश्किल होगा। तिलहन, दलहन, मक्का, बाजरा सूख रही है। किसानों ने कहा कि कठिन परिश्रम कर इस उम्मीद से धान की नर्सरी डाले थे कि बारिश होगी और रोपाई हो जाएगी। लोगों ने कहा कि जुलाई का महीना चल रहा है, लेकिन अब तक ठीक से बारिश नहीं हुई है। किसानों ने सरकार को खेती के लिए डीजल पर अनुदान की मांग की है।