सड़क पर फैला है गंदा पानी, पेयजल भी शुद्ध नहीं मिल रहा
झुंगिया में जल निकासी, सड़क और संपर्क मार्ग की समस्या होने से लोग परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
बखिरा। करीब दो साल पहले बखिरा को नगर पंचायत का दर्जा मिला। यहां ग्रामीण विकास की योजनाएं तो बंद हो गईं, लेकिन अब तक शहरी विकास के कार्य नहीं कराए गए। नगर में शामिल हुए झुंगिया में जल निकासी, शुद्ध पीने के पानी और संपर्क मार्ग की समस्याएं बरकरार है। यहां के लोगों ने विकास कार्य कराए जाने की मांग की।
नगर पंचायत बखिरा में शामिल हुए क्षेत्र में झुंगिया (लेड़ुआ-महुआ) भी है। यहां शहरी सुविधाएं लोगों को अब तक नहीं मिल सकी है। यहां जलभराव की समस्या रहती है। एक गड्ढे में लोगों के घरों का पानी जाता था, लेकिन खींचतान की वजह से इसे भी अवरुद्ध कर दिया गया है। इससे गंदा पानी सड़क पर फैला हुआ है। झुंगिया के टोला पुरुऊआ में कच्चा मार्ग है। इस पर खड़ंजा अथवा पक्की सड़क की मांग कई बार ग्रामीणों ने की, लेकिन अभी तक मांग पूरी नहीं हुई। बरसात के दिनों में जलभराव होने से लोगों को काफी दिक्कतें होती हैं। झुंगिया निवासी रामदयाल, झीनक, सतीश, इसरायल अहमद, लालचंद, कलावती, निर्मला और वासदेव ने कहा कि नगर पंचायत में शामिल होने के बाद भी शहरी सुविधाओं का फायदा नहीं मिल सका है। लालचंद ने कहा कि बिजली के ख़ंभे लगे हैं, लेकिन इन खंभों में तारों को महज लपेटकर ही बिजली के कनेक्शन दे दिए गए हैं। कुछ स्थानों पर बिजली के तारों को हरे पेड़ों के सहारे ले जाया गया है। धर्मेंद्र ने कहा कि गांव में संपर्क मार्ग कच्ची है। इस पर खड़ंजा भी नही लगाया गया है। शुद्ध पेयजल नहीं मिल पा रहा है। इंडिया मार्का नल खराब पड़े हैं। इसे भी ठीक नहीं किया गया है। रामचंद्र ने कहा कि झुंगिया में साफ-सफाई व झाडू भी नहीं लगाया जा रहा है। इससे जगह-जगह कूड़े का ढेर लगा हुआ है। इस संबंध में ईओ बखिरा प्रदीप शुक्ला ने कहा कि जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।