संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। यूपी मेडिकल एंड पब्लिक हेल्थ मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन ने कर्मचारियों के स्थानांतरण के विरोध में मंगलवार से दो दिवसीय धरना सीएमओ कार्यालय पर शुरू हुआ। कर्मियों ने अपनी मांगों के संबंध में दो सूत्री मांग पत्र सीएमओ को सौंपा।
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष मनीष चंद मिश्र ने कहा कि स्वास्थ्य निदेशक प्रशासन ने मनमाने तरीके से प्रदेश के 1772 लिपिकों का स्थानांतरण व समायोजन कर दिया। जो शासन के स्थानांतरण हेतु निर्धारित गई अधिकतम सीमा के विपरीत है। स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत 250 महिला लिपिकों का उत्पीड़न करने के उद्देश्य से 1000 किलो मीटर से भी अधिक दूरी और दिव्यांग लिपिकों के लगभग 500 किलो मीटर से अधिक की दूरी पर स्थानांतरण कर दिया गया। जो स्वयं में ही सरकार की स्वच्छ छवि को आम नागरिकों एवं कर्मचारियों में धूमिल किए जाने का द्योतक है। न्यायहित में इस निर्णय को तत्काल निरस्त किया जाना चाहिए।
महामंत्री अनवार अहमद ने निदेशक प्रशासन को निलंबित कर उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की। धरने में सौरभ उपाध्याय, प्रसिद्ध नाथ त्रिपाठी, संतोष कुमार, संजय कुमार गुप्ता, धनश्याम, डीबी सिंह, बलराम, अरविंद कुमार वर्मा, शिवसागर, बाबूराम, अनिल कुमार वर्मा, राजेंद्र समेत अन्य शामिल रहे।