संतकबीरनगर। नगर पालिका परिषद खलीलाबाद बोर्ड की बैठक बृहस्पतिवार को पालिका सभागार में अध्यक्ष जगत जायसवाल की अध्यक्षता में हुई। इसमें शहर के विभिन्न मोहल्लों में विकास के 15 करोड़ के प्रस्ताव पर मुहर लगी है। बैठक में कर निर्धारण पर भी चर्चा की गई, लेकिन इस पर सहमति नहीं बन सकी। अगली बैठक में इस पर फिर विचार-विमर्श किया जाएगा।
नगर पालिका परिषद खलीलाबाद बोर्ड की बैठक में विकास का प्रस्ताव रखा गया। इस पर चर्चा के बाद प्रस्ताव पर सहमति व्यक्त करते हुए स्वीकृति प्रदान की गई। पालिका अध्यक्ष जगत जायसवाल ने कहा कि शहर के विभिन्न मोहल्लों में विकास के लिए जो प्रस्ताव लाए गए, उस पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही सर्व सम्मत से प्रस्ताव को पास कराया गया। उन्होंने बताया कि साफ-सफाई व्यवस्था और मजबूत करने के लिए सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाने पर भी सहमति व्यक्त की गई है। शासन के कर निर्धारण के संबंध में भी चर्चा हुई, लेकिन इस पर सहमति नहीं बन सकी है।
बैठक में सावित्री देवी, अवधेश चौरसिया, असलम, राम प्रताप, विपिन जायसवाल, वीरेंद्र यादव, राजेश वर्मा, गोरख प्रसाद, पंकज कुमार, राधेश्याम आदि मौजूद रहे।