पूर्व और वर्तमान प्रमुख में हुई नोकझोंक
टेंडर प्रक्रिया के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मढ़ा आरोप
वर्तमान प्रमुख प्रतिनिधि के ड्राइवर ने पुलिस को दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
लोहरौली। सेमरियावां ब्लॉक परिसर में चल रही टेंडर प्रक्रिया के दौरान बृहस्पतिवार को पूर्व ब्लॉक प्रमुख महमूद आलम चौधरी और वर्तमान प्रमुख प्रतिनिधि मुमताज अहमद के बीच तीखी झड़प हुई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करके मामले को शांत कराया। बाद में प्रमुख प्रतिनिधि के ड्राइवर की ओर से पूर्व ब्लॉक प्रमुख और उनके साथियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई।
सेमरियावां ब्लॉक कार्यालय में मंगलवार को क्षेत्र पंचायत का टेंडर खुला था। प्रक्रिया के तहत रेट निर्धारण के लिए बृहस्पतिवार का दिन निर्धारित किया गया था। बृहस्पतिवार को दोपहर बाद टेंडर प्रक्रिया की कार्रवाई चल रही थी। उसी दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख महमूद आलम चौधरी अपने साथियों के साथ पहुंच गए। उन्होंने प्रक्रिया में कुछ खामी बताते हुए एतराज जताया। इसी बात को लेकर पूर्व प्रमुख महमूद आलम चौधरी और वर्तमान प्रमुख प्रतिनिधि मुमताज अहमद के बीच झड़प हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों के बीच काफी तीखी बहस होने लगी। उसी दौरान कुछ लोगों ने बीच-बचाव करते हुए मामले को शांत कराया। बाद में कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही काफी संख्या में पुलिस कर्मी ब्लॉक परिसर में पहुंच गए। वैसे तब तक सब कुछ शांत हो चुका था। शाम को प्रमुख प्रतिनिधि मुमताज अहमद के ड्राइवर पिंटू पुत्र रामदास निवासी ग्राम दलेलगंज थाना कोतवाली की ओर से दुधारा थाने में तहरीर दी गई। इसमें आरोप लगाया कि सेमरियावां ब्लॉक परिसर में टेंडर प्रक्रिया के दौरान पहुंचे पूर्व ब्लॉक प्रमुख महमूद आलम चौधरी और उनके साथ आए कुछ लोगों ने उन्हें मारा-पीटा और जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। जबकि पूर्व ब्लॉक प्रमुख महमूद आलम चौधरी ने कहा कि वर्तमान प्रमुख के पुत्र मुमताज अहमद और उनके साथियों ने उन्हें अपशब्द कहा है। मारने-पीटने का लगाया गया आरोप बेबुनियाद है। पुलिस की जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी। एसओ मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी। जांच के बाद जैसी स्थिति होगी, वैसी कार्रवाई की जाएगी।