- ठंड बढ़ने से सुबह के समय घरों में रहने को मजबूर हुए लोग
संतकबीरनगर। कई दिनों से लोगों को कोहरे से राहत मिली थी, लेकिन सोमवार को सुबह से घना कोहरा छाया रहा, जिसके कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। करीब नौ बजे तक कोहरे के कारण वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी। दूसरी तरफ कोहरे के साथ ठंड बढ़ने से सुबह के समय लोग घरों में रहने को मजबूर हो गए। मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि ठंड और कोहरे का असर अब दिखाई देगा। ऐसे में सतर्कता बरतने की जरूरत है।
सोमवार को सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा। इससे हाईवे से लेकर विभिन्न मार्गों पर वाहन चालकाें को परेशानी झेलनी पड़ी। करीब 100 मीटर की दूरी पर ही साफ दिखाई न देने से वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। लोगों को वाहनों की लाइट जलाकर चलने पर मजबूर होना पड़ा। कुछ स्थानों पर तो कोहरे के चलते वाहन रेंगते हुए चले। वाहन चालक आगे वाले वाहन के पीछे लगकर किसी तरफ सफर को पूरा किया। इसके बाद धूप निकली तो लोगों को राहत मिली। इस बीच सोमवार को अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। लोग बरदहिया बाजार में ऊनी कपड़ों की खरीदारी करते दिखे।
मौसम में बदलाव हो रहा है। अगले सप्ताह से कोहरे का प्रभाव बढ़ने की संभावना है। साथ ही ठंड में भी इजाफा होगा। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
- अमरनाथ मिश्र,
मौसम वैज्ञानिक, कुमारगंज अयोध्या