संतकबीरनगर। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल का प्रतिनिधिमंडल रविवार को सदर विधायक अंकुरराज तिवारी से उनके आवास पर मिला। इस दौरान व्यापारियों की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। संगठन के जिलाध्यक्ष श्रवण कुमार अग्रहरि ने कहा कि व्यापारी पेंशन और स्वास्थ्य बीमा योजना लागू की जाए, जिसमें 60 वर्ष से ऊपर के पंजीकृत व्यापारी लाभार्थी हों।
प्रदेश में 36 लाख व्यापारी पंजीकृत हैं। अवध, गोरक्ष, काशी, कानपुर-बुंदेलखंड, ब्रज, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में से व्यापारी प्रतिनिधियों को चुनकर विधान परिषद भेजा जाए, ताकि उच्च सदन में व्यापारियों का प्रभावी प्रतिनिधित्व हो सके। आगे कहा कि जीएसटी की दरों में समानता लाते हुए विलासिता की वस्तुओं पर उच्च दर और आम उपयोगी वस्तुओं पर निम्न दर रखी जाए। एक ही तरह के उत्पाद पर दर एक समान रखी जाए और इसके नियमों को सरल, व्यावहारिक और व्यापारियों के अनुकूल बनाया जाए।
इस दौरान अमित जैन, पवन जायसवाल, विनीत चड्ढा, हरी लाल गुप्ता, पेशकार अहमद, दीपक विश्वकर्मा, शोभित श्रीवास्तव, सचिवेश श्रीवास्तव, प्रिंस वर्मा, आकाश जायसवाल आदि उपस्थित रहे।