कम्युनिटी हेल्थ अधिकारियों ने सौंपा ज्ञापन
संतकबीरनगर। कम्यूनिटी हेल्थ अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खलीलाबाद के अधीक्षक डॉ. उमर हसमत अंसारी को ज्ञापन सौंपा। साथ ही मांग की कि लंबित मानदेय और पीबीआई का भुगतान कराया जाए।
कम्यूनिटी हेल्थ अधिकारी बबिता चौहान व आदित्य सक्सेना के नेतृत्व में कर्मी बृहस्पतिवार को दो बजे के बाद सीएचसी खलीलाबाद पहुंचे और अधीक्षक को ज्ञापन देकर कहा कि दो माह से मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। इसके कारण आर्थिक तंगी से जूझना पड़ रहा है। साथ ही कार्य आधारित प्रोत्साहन राशि का भी भुगतान अब तक लंबित है।
उन्होंने कहा कि अधिकतर लोग बाहर से आकर यहां कार्य कर रहे हैं। रूम का किराया और अन्य जरूरतों को पूरा करने में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। इन लोगों ने यह भी कहा कि जन आरोग्य मंदिर तक आने-जाने में लिए खर्च उठाने में भी दिक्कत आ रही है। ऐसे में तत्काल मानदेय और प्रोत्साहन राशि का भुगतान कराया जाए। ऐसा न होने पर आंदोलन को वृहद रूप दिया जाएगा।
ज्ञापन देने वालों में प्रियंका, पुनीता, लक्ष्मी देवी, संध्या यादव, अनुपम यादव, अमृता, कंचन, सीमा, मनीषा आदि मौजूद रहीं।