- समय माता मंदिर परिसर में कुएं के पास मिला शव
-गोरखपुर जनपद के इस्माइलपुर मोहल्ला का निवासी
- पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
संतकबीरनगर। शहर के समय माता मंदिर परिसर में बृहस्पतिवार की शाम एक शव मिला। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की तो डिलीवरीमैन गोरखपुर जनपद के इस्माइलपुर मोहल्ला का निवासी निकला। मंदिर परिसर स्थित मुख्य गेट के कुएं के पास संदिग्ध हालात में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी भेजवा दिया।
समय माता मंदिर परिसर में शाम को सफाई करने निकली टीम को मंदिर परिसर स्थित कुएं के पास एक युवक लेटा मिला। जिसको उठाने पर शरीर में कोई हरकत नहीं हुई। इसके बाद सफाई कर्मचारियों ने मंदिर पुजारी के साथ ही अन्य जिम्मेदार को मामले की जानकारी दी। सूचना के बाद कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान गोरखपुर जनपद के इस्माइलपुर मोहल्ला निवासी रोहित मद्धेशिया पुत्र गुरु प्रसाद के रूप में हुई। इसके पास से मिले पहचानपत्र व मोबाइल फोन के आधार पर पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दी।
सीसीटीवी फुटेजकी जांच में पुलिस ने पाया कि रोहित दोपहर 1:14 बजे पिछले गेट से मंदिर में प्रवेश किया। इसके बाद वह लड़खड़ाते हुए जाकर कुएं के दक्षिण गिर गया। वहां पर मौजूद लोगों ने उसे देखकर सोचा कि युवक नशे की हालत में है। एक-दो घंटे सोने के बाद ठीक हो जाएगा। काफी समय बीतने के बाद मंदिर परिसर की सफाई के लिए पाइप लेकर पहुंचे कर्मियों की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे जिला अस्पताल भेजवाया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
समय माता मंदिर परिसर में कुएं के पास एक युवक का शव पाया गया है। उसके पास से मिले पहचानपत्र के आधार पर परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज को देखा जा रहा है। परिजनों के आने के बाद पंचायतनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।
- ब्रजेश कुमार सिंह, सीओ सिटी