संतकबीरनगर। जिले में डी.एलएड (बीटीसी) की परीक्षा 21 सितंबर से शुरू होगी। इसको लेकर शुक्रवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में प्राचार्य डॉ. नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें परीक्षा की तैयारियों पर चर्चा हुई।
प्राचार्य डॉ. नरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा के लिए पांच केंद्र बने हैं। इसमें राजकीय कन्या इंटर काॅलेज खलीलाबाद, हीरालाल राम निवास इंटर काॅलेज खलीलाबाद, मौलाना आजाद इंटर काॅलेज खलीलाबाद, नेहरू कृषक इंटर कॉलेज खलीलाबाद एवं पीबी गर्ल्स इंटर कॉलेज खलीलाबाद शामिल हैं।
इन केंद्रों पर 21 से 23 सितंबर तक 2064 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसी तरह से तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा में उपरोक्त केंद्र के अलावा सरदार पटेल इंटर कॉलेज भदाह शामिल है। यहां 24 से 26 सितंबर तक परीक्षा होगी। इसमें 2245 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जिले में कुल 4309 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
बैठक में परीक्षा से संबंधित दिशा निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। प्राचार्य ने कहा कि परीक्षा को सुचितापूर्ण, शांतिपूर्ण तरीके से कराया जाना है। इस दौरान परीक्षा से संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।